
रिपोर्ट____आशीष निषाद
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया विधानसभा सीट इस वक्त जिले की राजनीति में लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। आगामी चुनावों को देखते हुए एनडीए के सहयोगी दलों के बीच इस सीट को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। निषाद पार्टी के प्रदेश सचिव अनिल निषाद ने अतरौलिया स्थित सम्मो माता मंदिर के बगल में स्थित पार्टी कार्यालय पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन कर इस सीट पर एक बार फिर अपनी पार्टी का दावा मजबूत किया। उन्होंने प्रशांत कुमार सिंह को पार्टी का एकमात्र दावेदार बताया।
प्रेस वार्ता के दौरान अनिल निषाद ने कहा कि अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर लगातार दावेदारियां सामने आ रही हैं। हाल ही में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधानसभा क्षेत्र में एक जबरदस्त बाइक रैली और महासम्मेलन का आयोजन कर अपनी ताकत दिखाई है। वहीं, एनडीए गठबंधन की ही सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) आगामी 5 तारीख को आजमगढ़ जिले में एक महारैली का आयोजन कर रही है और उनके संभावित प्रत्याशी भी लगातार अतरौलिया विधानसभा से अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
अनिल निषाद ने कहा कि भाजपा ने वर्ष 2022 में यह सीट निषाद पार्टी को दी थी और इस बार भी यह सीट निषाद पार्टी के खाते में ही रहेगी। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी ने मजबूती से चुनाव लड़ा था और बहुत कम मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन इस बार परिस्थितियां पहले से काफी बेहतर हैं। निषाद समाज और क्षेत्र की जनता पूरी तरह एकजुट है, जिसके दम पर पार्टी इस बार कम से कम 40 हजार वोटों से बढ़त हासिल करेगी।
सुभासपा के प्रस्तावित कार्यक्रम और सीट को लेकर चल रही बयानबाजी पर प्रदेश सचिव ने कहा कि लोकतंत्र में सभी दलों को अपना कार्यक्रम करने और अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। उन्होंने सुभासपा के पूर्व में अहरौला में आयोजित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी कई बड़े नेताओं के आने की चर्चा थी, लेकिन वे नहीं पहुंचे थे। इस बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के आने की बात कही जा रही है, जिसकी वास्तविक तस्वीर 6 दिसंबर को साफ हो जाएगी। जातीय समीकरणों पर पूछे गए सवाल के जवाब में अनिल निषाद ने क्षेत्र में निषाद और राजभर समाज की आबादी का आंकड़ा प्रस्तुत किया। उन्होंने दावा किया कि अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र में निषाद समाज की आबादी 70 हजार से अधिक है, जबकि राजभर समाज की आबादी 22 से 25 हजार के बीच है।
टिकट पर शीर्ष नेतृत्व लेगा अंतिम फैसला। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है और टिकट का अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व ही करता है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर निषाद पार्टी की ओर से प्रशांत सिंह ही एकमात्र दावेदार हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी इस बार पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
