
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के लसड़ा कला पुलिया के पास बोलेरो में टक्कर लगने के बाद हुए विवाद में एक व्यक्ति को मिनी ट्रक से कुचलकर मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मिनी ट्रक (टाटा गुड्स कैरियर) को भी बरामद कर कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरदह थाना क्षेत्र के खरगीपुर गांव निवासी 24 वर्षीय पंकज कुमार उर्फ साधू के रूप में हुई है। वहीं पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर बसवत गांव निवासी उदय राज यादव अपने परिजनों के साथ बोलेरो से रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान बरदह थाना क्षेत्र के लसड़ा कला पुलिया के पास सामने से आ रहे मिनी ट्रक संख्या UP50ET9249 ने उनकी बोलेरो में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद उदय राज यादव और उनके पिता साहबराज यादव ने ट्रक चालक को रोककर घटना के संबंध में पूछताछ की। आरोप है कि इस दौरान चालक ने ट्रक से कुचलने की धमकी दी और उनके ऊपर मिनी ट्रक चढ़ा दिया। इस घटना में साहबराज यादव (लगभग 60 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। मामले में उदय राज यादव की तहरीर पर बरदह थाने में मुकदमा अपराध संख्या 363/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
राजागंज बाजार के पास चेकिंग में पकड़ा गया आरोपी
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ 24 नवंबर को राजागंज बाजार के पास चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान जौनपुर की तरफ जा रहे मिनी ट्रक संख्या UP50ET9249 को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम पंकज कुमार उर्फ साधू पुत्र रामपाल, निवासी खरगीपुर, थाना बरदह, आजमगढ़ बताया। पूछताछ में घटना में प्रयुक्त वाहन होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने उसे घटना से अवगत कराते हुए 24 नवंबर को रात करीब 2:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मिनी ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पहले से भी दर्ज है मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार पंकज कुमार उर्फ साधू के खिलाफ पहले भी बरदह थाने में वर्ष 2021 में धारा 308, 323 और 34 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्तमान हत्या के मामले में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक रवीन्द्र कुमार भारती, हेड कांस्टेबल कमलेश प्रसाद, हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार, कांस्टेबल मुरलीधर पटेल, कांस्टेबल उत्सव पति त्रिपाठी और महिला कांस्टेबल स्वाति दुबे शामिल रहीं।
