रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव निवासी सौरभ राय आखिरकार बहरीन से सकुशल अपने घर लौट आए। 29 अक्तूबर को बहरीन एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए गए सौरभ को 18 दिनों तक वहां की पुलिस और अपराध जांच विभाग की पूछताछ और कथित यातनाएं झेलनी पड़ीं। शनिवार को जुर्माने की रकम चुकाने के बाद वह अपने घर पहुंचे। घर लौटने पर उन्होंने बहरीन में बिताए 18 दिनों की दर्दनाक आपबीती सुनाई। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने भी उनके घर पहुंचकर बयान दर्ज किया और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।

सौरभ राय ने बताया कि 29 अक्तूबर को बहरीन एयरपोर्ट पर उतरने के बाद जांच के दौरान उनके पास चुनौटी, तंबाकू और चूना मिला था। इसके बाद सीमा शुल्क विभाग ने उन्हें हिरासत में लेकर उनका मोबाइल फोन और बैग जब्त कर लिया। बाद में उन्हें बहरीन पुलिस और अपराध जांच विभाग को सौंप दिया गया। वहां उनसे कथित तौर पर तस्करी के सामान को लेकर पूछताछ की गई।

16 डिग्री तापमान वाले कमरे में रखा, ओढ़ने को दी हल्की चादर

सौरभ के मुताबिक, पूछताछ और सजा के नाम पर उन्हें 16 डिग्री सेल्सियस तापमान पर चलने वाले एसी कमरे में 24 घंटे रखा जाता था। उन्हें ओढ़ने के लिए सिर्फ एक हल्की चादर दी जाती थी। लगातार ठंडे कमरे में रखे जाने से उनकी हालत बिगड़ती चली गई। उन्होंने बताया कि वहां के हालात ऐसे थे कि उन्हें अपनी जान जाने और दोबारा घर नहीं लौट पाने का डर सताने लगा था।

अधिकारियों पर भारतीयों के साथ सख्ती का आरोप

सौरभ ने आरोप लगाया कि वहां के अधिकारी भारतीयों और हिंदुओं के प्रति विशेष सख्ती बरतते थे। उनके मुताबिक, पूछताछ के दौरान अधिकारी कहते थे कि तुम लोग बहरीन को लूटने आते हो। इस व्यवहार और लगातार पूछताछ से वह मानसिक रूप से भी काफी परेशान हो गए थे।

7200 बहरीनी दीनार जुर्माना भरने के बाद मिली रिहाई

इधर, सौरभ की घर वापसी के लिए परिवार लगातार प्रयास कर रहा था। परिजनों ने अपने परिचितों के माध्यम से बहरीन में एक अधिवक्ता की व्यवस्था की। सौरभ के अनुसार, जुर्माना नहीं भरने की स्थिति में उन्हें 10 से 15 साल तक की सजा हो सकती थी। ऐसे में 7200 बहरीनी दीनार का जुर्माना चुकाना पड़ा। इसके बाद 18 नवंबर को अदालत से उन्हें रिहाई मिली और वह विमान से भारत लौट आए।

तबीयत खराब, टाइफाइड और मलेरिया से पीड़ित

घर लौटने के बाद सौरभ की तबीयत भी खराब है। परिजनों के मुताबिक, वह टाइफाइड और मलेरिया से पीड़ित हैं। इसके अलावा बहरीन प्रशासन की ओर से उन पर भविष्य में बहरीन यात्रा करने पर प्रतिबंध भी लगा दिया गया है।

सौरभ के भाई ऋषभ राय लगातार इस मामले में प्रयास कर रहे थे। उन्होंने गृह विभाग और पुलिस अधीक्षक के माध्यम से संपर्क बनाए रखा था। 12 नवंबर को विदेश मंत्रालय से समन्वय स्थापित कर सौरभ की सुरक्षित वापसी कराने की मांग भी की गई थी।

पुलिस ने घर पहुंचकर दर्ज किया बयान

इस संबंध में सीओ बूढ़नपुर विजय सिंह गौर ने बताया कि बहरीन में लापता हुए युवक की सकुशल वापसी की जानकारी मिली है। संबंधित थाने से पुलिसकर्मियों को भेजकर युवक से पूरे मामले की जानकारी ली गई है। प्राप्त सूचनाओं से उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।