रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की कोशिश कर रही दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाओं ने ग्राम मोलनापुर मोड़ स्थित नहर पुलिया के पास एक महिला के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया था। पीड़िता के शोर मचाने पर मौके पर जुटे स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को पकड़ लिया गया। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस टीम ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों महिलाओं के खिलाफ पहले से भी चोरी और छिनैती से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।

वहीं पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर 2026 को बिलरियागंज पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम मोलनापुर मोड़ नहर पुलिया के पास चेन छीनने के प्रयास की सूचना मिली। स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों महिलाओं को मौके पर ही पकड़ लिया था। सूचना पर थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा और उपनिरीक्षक संतोष कुमार पाठक पुलिस बल एवं महिला आरक्षियों के साथ मौके पर पहुंचे। महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से पूछताछ में पहली महिला ने अपना नाम मीरा पत्नी राजेश, निवासी बेलकुण्डा, थाना रौनापार, उम्र करीब 35 वर्ष बताया। वहीं दूसरी महिला की पहचान संध्या पत्नी अरुण, निवासी काखभार तेन्दुआ, थाना बिलरियागंज, उम्र करीब 24 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना बिलरियागंज में मु0अ0सं0 265/26 धारा 313, 134/62 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर 20 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

दोनों महिलाओं का पहले से दर्ज है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मीरा के खिलाफ आजमगढ़, देवरिया और मऊ जनपदों में चोरी, लूट और अन्य धाराओं से संबंधित कुल पांच पुराने मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना जहानागंज में वर्ष 2022 का लूट का मुकदमा, महराजगंज में वर्ष 2024 का चोरी का मुकदमा, निजामाबाद में वर्ष 2019 का चोरी एवं आयुध अधिनियम का मामला, देवरिया के रुद्रपुर थाने में वर्ष 2026 का मुकदमा तथा मऊ के घोसी थाने में वर्ष 2019 का लूट का मुकदमा शामिल है। वहीं संध्या के खिलाफ मऊ जनपद के चिरैयाकोट थाने में वर्ष 2022 में चोरी, बरामदगी एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

दोनों महिलाओं की गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक संतोष कुमार पाठक, कांस्टेबल सतपाल सिंह, महिला कांस्टेबल नीलम देवी और रिजर्व महिला कांस्टेबल हर्षिता द्विवेदी शामिल रहीं।