आज़मगढ़। जिले के  मेहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम इनवल निवासी नवन कुमार यादव पुत्र बंशराम यादव ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि गांव के ही सुनील यादव पुत्र स्व. कुमार यादव सहित कुछ अन्य लोग उनकी पैतृक जमीन को अपनी बताकर कब्जा करना चाहते हैं।

पीड़ित का कहना है कि विवादित जमीन को लेकर वर्ष 1967 से मुकदमा चल रहा था, जिस पर माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद ने दिनांक 23 जनवरी 2005 को उनके पक्ष में आदेश पारित किया था। इसके बावजूद विपक्षियों ने 2 मई 2025 को आपत्ति दर्ज कराई, जिस पर न्यायालय ने पुनः 11 अगस्त 2025 को पीड़ित के पक्ष में फैसला सुनाया।

न्यायालय के आदेशों के बाद भी आरोपियों ने जमीन पर कब्जे का प्रयास जारी रखा। पीड़ित ने बताया कि इस दौरान विपक्षियों ने अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। उसने पहले भी 20 फरवरी 2025 को इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।पीड़ित नवन कुमार यादव का आरोप है कि हाल ही में 17 फरवरी 2025 की रात करीब 9:45 बजे विपक्षियों ने दोबारा उसके घर आकर धमकी दी और विवादित जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया।

पीड़ित ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि विपक्षियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उसे सुरक्षा प्रदान की जाए।