
आजमगढ़। एसओजी आजमगढ़ में तैनात रह चुके और फिलहाल भदोही जिले में कार्यरत आरक्षी हारिश वासे खान पर एक महिला ने यौन उत्पीड़न, धोखाधड़ी और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने आरोपी आरक्षी के साथ उसकी मां आसमा, भाई दानिश और बहन मोनी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़िता का कहना है कि करीब चार साल पहले उसकी मुलाकात हारिश वासे खान से हुई थी। आरोपी ने विश्वास में लेकर उससे संबंध बनाए और शादी का झांसा देकर लंबे समय तक पुलिस लाइन में पत्नी की तरह साथ रखा। इसी दौरान वह गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी और उसके परिजनों ने जबरन गर्भपात करा दिया।
आरोप है कि जून 2024 में हारिश ने नोटरी पर निकाह कर रिश्ते को सार्वजनिक किया, मगर इसके बाद उसने दहेज में 10 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ना बढ़ने पर आरोपी ने महिला को आजमगढ़ शहर में किराए के मकान पर रखा। रकम न मिलने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता ने बताया कि भदोही ट्रांसफर के बाद आरोपी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। वह और उसके परिवारजन लगातार शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करते रहे। परेशान होकर पीड़िता ने डीआईजी वाराणसी जोन को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई।
इस मामले में पुलिस ने आरक्षी हारिश वासे खान समेत उसके परिजनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और शीघ्र ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
