
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के फ्रंटल संगठन लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने पर रोशन यादव का आजमगढ़ सपा कार्यालय पर जोरदार स्वागत हुआ। पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलमालाओं से लादकर बधाई दी और भविष्य की राजनीति में उनके योगदान की उम्मीद जताई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि रोशन यादव की नियुक्ति से नौजवानों में जोश और ऊर्जा का संचार हुआ है। नौजवान राजनीति की रीढ़ हैं, लेकिन योगी सरकार ने छात्रसंघ चुनावों पर रोक लगाकर लोकतंत्र की नर्सरी बंद कर दी। भाजपा को लोकतंत्र में विश्वास नहीं रह गया है और वह वोट की चोरी कर सत्ता पर काबिज है। उन्होंने अपील की कि नौजवान आगे आकर अन्याय और पूंजीवादी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकें।
पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान को खत्म करना चाहती है। इसीलिए वह दमन और अत्याचार कर जनता की आवाज को दबा रही है। प्रदेश में भ्रष्टाचार, हत्या, लूट और डकैती की घटनाएं चरम पर हैं। गरीब, पिछड़े, दलित और मुसलमान लगातार उत्पीड़न झेल रहे हैं। ऐसे समय में नौजवानों को खड़े होकर जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन को तेज करना होगा।
स्वागत से अभिभूत नवमनोनीत राष्ट्रीय सचिव रोशन यादव ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि नौजवानों की ताकत के बल पर 2027 में अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना ही उनका संकल्प है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष हवलदार यादव ने की जबकि संचालन सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव ने किया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, सूरज राजभर, दुर्गेश यादव, जोरार खान, निशांत राय टीपू, आनंद यादव, प्रदीप कुमार यादव, आशीष यादव और पप्पू यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
