रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया, आज़मगढ़। नगर पंचायत क्षेत्र में गुरुवार दोपहर लगभग 4 बजे एक सनसनीखेज घटना ने सभी को दहला दिया। स्व. दया शंकर जायसवाल का पुत्र किशन जायसवाल नशे की हालत में अपनी मां और किराएदार से मोटरसाइकिल की चाबी मांग रहा था। मां और किराएदार द्वारा इनकार करने पर गुस्से से बेकाबू किशन ने खड़ी बाइक में आग लगा दी। देखते ही देखते पूरी मोटरसाइकिल जलकर राख हो गई।

मकान मालिक की पत्नी चंद्रकला ने बताया कि उनका बेटा शराब का आदी है और आए दिन झगड़ा करता रहता है। यह बाइक उनके पैसों से छुड़ाई गई थी, जिसे किराएदार सुनील पाटिल चला रहे थे और इसमें लगभग 20 से 22 हज़ार रुपये का खर्च किया गया था। चंद्रकला ने किराएदार से कहा था कि बाइक की चाबी किसी को न दें। गुरुवार को किशन ने जब किराएदार से चाबी मांगी और उसे नहीं मिली, तो उसने बाइक को आग के हवाले कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शी शिवम सोनी ने बताया कि उसने किशन को बाइक की टंकी खोलते और आग लगाते देखा। आसपास के लोग किसी तरह आग बुझाने में जुट गए, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में चर्चा का विषय बन गई।