आज़मगढ़। बीते 15 अगस्त की रात पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के गोखवल अंडरपास से पवई थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित पशु लादकर तस्कर घुसे। पुलिस ने पीछा किया तो तस्करों ने पिकअप को बैक गियर में डालकर पीछे से आ रही पुलिस टीम की दो बाइकों पर चढ़ा दिया। घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए तथा उनकी बाइक और इंसास रायफल क्षतिग्रस्त हो गई।

इसके बावजूद पवई पुलिस ने पूरे मामले को छिपाते हुए अधिकारियों को गुमराह किया और इसे महज दो सिपाहियों की बाइक आपस में भिड़ने का मामला बताया। पांच दिन तक घटना दबाए रखने से एसएसपी हेमराज मीना नाराज हो गए। सच्चाई सामने आने पर उन्होंने लापरवाही और कर्तव्यहीनता बरतने वाले उपनिरीक्षक शिवसागर यादव, सिपाही प्रभात त्रिपाठी और प्रीतम कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।