आजमगढ़। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में कोतवाली जीयनपुर में आज समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विशेष रूप से जमीन और मार्ग से जुड़े विवादों का मौके पर ही समाधान करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विवादित स्थलों पर जाने से पहले आपस में समन्वय बनाकर योजना तैयार करें। आवश्यक होने पर पुरुष और महिला सिपाहियों को भी साथ ले जाएं। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों को निस्तारित करने से पहले दोनों पक्षों को बुलाकर समझौते की कोशिश की जाए। यदि समझौता होने के बाद भी कोई पक्ष सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करता है, तो उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि कानूनगो, लेखपाल या पुलिस की चेतावनी के बाद भी यदि कोई व्यक्ति नहीं मानता और अवरोध उत्पन्न करता है, तो ग्राम प्रधान से तहरीर लेकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी मार्ग को अवरुद्ध नहीं होने दिया जाएगा और कब्जे में लिए गए स्थान को चेतावनी देकर तुरंत हटाया जाएगा। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने भी अधिकारियों से कहा कि वे आपसी समन्वय बनाकर शासन की मंशा के अनुसार प्रोएक्टिव होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को उनकी ही भाषा में जवाब दिया जाए और सीओ व एसडीएम के संज्ञान में लाकर तालमेल बनाकर कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर अल्लीपुर, देवपार, बड़सरा और नगर पंचायत जीयनपुर के वार्ड नंबर 7, इंदिरा नगर के विवादों को लेखपाल, कानूनगो और चौकी इंचार्ज को मौके पर जाकर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
