आज़मगढ़। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन छात्रों की डूबने की घटनाओं ने दो परिवारों की खुशियाँ छीन लीं। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अंबारी शाहपुर अमृत सरोवर में मछली मारने गए दो छात्रों की मौत हो गई, वहीं बरदह थाना क्षेत्र में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान नदी में फिसलकर एक छात्र की जान चली गई। इन हादसों से पूरे इलाके में मातम छाया हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के हाजीपुर तकिया निवासी फरहान (12 वर्ष) पुत्र बदरे आलम और माजिद (17 वर्ष) पुत्र मोहम्मद शरीफ मंगलवार को बगल के अंबारी शाहपुर गांव स्थित अमृत सरोवर में मछली मारने गए थे। इस दौरान फरहान गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए माजिद भी पोखरे में उतरा, लेकिन दोनों की डूबने से मौत हो गई। आनन-फानन में ग्रामीणों ने दोनों को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फरहान कक्षा 6 का छात्र और चार भाइयों में सबसे बड़ा था, जबकि माजिद कक्षा 11 का छात्र था और चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। माजिद के पिता रोज़गार के सिलसिले में विदेश रहते हैं। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया। फरहान का अंतिम संस्कार देर रात कर दिया गया, जबकि माजिद का दाह-संस्कार उसके पिता के आने का इंतजार करते हुए टाल दिया गया।
वहीं दूसरी घटना बरदह थाना क्षेत्र के कोहरौली (खन्नी) गांव की है। यहाँ सोमवार शाम दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान 15 वर्षीय सिंकु यादव पुत्र सुबोध यादव बेसो नदी पुल के पास सीढ़ियों से फिसलकर गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने की कोशिश में बड़े पापा प्रमोद (40), ग्रामीण अमरनाथ (40) और छोटा भाई आयुष (13) भी पानी में उतर गए। ग्रामीणों ने तीनों को किसी तरह बचा लिया, लेकिन सिंकु की जान नहीं बच सकी। करीब एक घंटे की तलाश के बाद उसका शव मिला और अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिंकु कक्षा 8 का छात्र था और दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता सुबोध यादव पटना में कैटरिंग का काम करते हैं, जबकि माँ गीता देवी बेटे की मौत से बदहवास हैं।
