रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। नागपुर (महाराष्ट्र) में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान मामूली कहासुनी में एक युवक की चाकू से हत्या कर दी गई। शनिवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव आज़मगढ़ के उसके गांव पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दयालपुर गांव निवासी 25 वर्षीय देवेंद्र चौहान पुत्र अजय चौहान के रूप में हुई है। वह नागपुर में रहकर एल्युमिनियम का काम करता था और करीब 20 दिन पहले पासपोर्ट बनवाने के सिलसिले में घर आया था। इसके बाद वह वापस नागपुर चला गया था।
दो अक्टूबर को वह सड़क किनारे दुर्गा मूर्ति विसर्जन देख रहा था, तभी तीन युवकों से मामूली धक्का-मुक्की हो गई। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने चाकू से कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर मृतक के मित्र दुर्गेश चौहान निवासी खरहटी ने नागपुर पुलिस में तीन युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपितों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।
शनिवार की सुबह लगभग 11 बजे शव गांव पहुंचा तो मां बिंदु चौहान समेत परिजन बेसुध हो गए। परिवार में कोहराम मच गया और गांव का माहौल गमगीन हो गया। देवेंद्र दो भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर था।