
आजमगढ़। जिले में शनिवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण तथा घर-घर दस्तक अभियान की शुरुआत की गई। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने हरिऔध कला केंद्र से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को अपने घर और कार्यस्थल के आस-पास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। पुराने बर्तन, टायर, डिब्बे, प्लास्टिक कप, फ्रिज की ट्रे, फूलदान आदि में पानी न ठहरे, ताकि मच्छरों का प्रजनन न हो सके। उन्होंने लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने, शौचालय का प्रयोग करने, शुद्ध पेयजल पीने और ताजा भोजन करने की अपील की। साथ ही यह भी कहा कि बुखार आने पर लापरवाही न करें और बिना चिकित्सक की सलाह के कोई दर्दनाशक दवा न लें।
मुख्य चिकित्साधिकारी आजमगढ़ ने बताया कि इस अभियान में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और विभिन्न विभाग जैसे नगर विकास, पंचायती राज, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार, कृषि, सिंचाई तथा पशुपालन विभाग का सहयोग रहेगा। इन सभी विभागों द्वारा संचारी और वेक्टर जनित रोगों से बचाव हेतु जनजागरूकता की जाएगी।
रैली में जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अविनाश कुमार झा (नोडल अधिकारी वीबीडी एवं संचारी रोग), जिला मलेरिया अधिकारी, मलेरिया एवं फाइलेरिया विभाग के कर्मचारी, एएनएमटीसी सेंटर के प्रशिक्षु, स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य शामिल हुए।
जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 05 से 31 अक्टूबर तथा घर-घर दस्तक अभियान 11 से 31 अक्टूबर 2025 तक चलाया जाएगा।
