रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कौड़ियां बाजार में मंगलवार को सड़क पार करते समय एक बुजुर्ग की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सुमेरपुर गांव निवासी 65  वर्षीय सोफी राम पुत्र स्वर्गीय रामखेलावन मंगलवार को दोपहर  में किसी काम से कौड़ियां बाजार गए थे। बाजार में  वह सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सोफी राम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीयों ने  इलाज के लिए रानीपुर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। वही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।