आज़मगढ़। जिले के अहरौला और कप्तानगंज के बीच 21 किलोमीटर लंबे लंबे समय से रुके हुए मार्ग का रास्ता अब साफ हो गया है। पिछले 15 सालों से इस सड़क के निर्माण का इंतजार कर रहे ग्रामीण और व्यापारियों के लिए यह खुशी का पल है। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना के लिए बजट मंजूर कर दिया है और 16 से 23 नवंबर के बीच इस मार्ग का शिलान्यास करने वाले हैं। इस सड़क का निर्माण न केवल क्षेत्रवासियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच को भी आसान बनाएगा।
इसी क्रम में बुधवार को सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर अहरौला बाजार पहुंचे। उन्हें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूलों के बुके के साथ स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने ओमप्रकाश राजभर के समर्थन में नारे भी लगाए।
अरुण राजभर ने अपने काफिले को छोड़कर लगभग तीन किलोमीटर तक अहरौला-कप्तानगंज मार्ग पर पैदल यात्रा की। रास्ते में लोगों ने उन्हें शॉल और अंगवस्त्र देकर इस सड़क की मंजूरी पर बधाई दी। उन्होंने इसे जनमानस की जीत बताते हुए कहा कि यह सफलता जनता के दबाव और लगातार प्रयासों का परिणाम है।
अरुण राजभर ने बताया कि कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने क्षेत्रवासियों के दर्द को समझा और मुख्यमंत्री तक इसे पहुंचाया। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीने से लगातार मुख्यमंत्री से संपर्क में रहने के बाद ही इस सड़क को मंजूरी मिली। उन्होंने पूरी सफलता का श्रेय पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर को दिया।
उन्होंने विपक्षी नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के कई विधायक और सांसद होने के बावजूद जनता को सड़क के लिए सड़क पर उतरना पड़ा। आगामी शिलान्यास उनके लिए एक संदेश है।
इस दौरान बाकरकोल और बस्तीभुजबल ग्राम पंचायतों में जनचौपाल का आयोजन भी किया गया।
