आजमगढ़। ड्यूटी के दौरान सियार के काटने से जान गंवाने वाले होमगार्ड चन्द्रबदन चौहान के परिजनों को आखिरकार मुआवजा राशि मिल गई। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने मृतक की पत्नी लालती को कुल 38 लाख रुपये के चेक प्रदान किए, जिसमें दुर्घटना बीमा व बच्चों की शिक्षा सहायता राशि शामिल है।
होमगार्ड्स विभाग आजमगढ़ में सेवारत चन्द्रबदन चौहान, कम्पनी मुहम्मदपुर में तैनात थे। जनवरी 2025 में उनकी ड्यूटी थाना गम्भीरपुर पर लगाई गई थी। उसी दौरान रात्रि ड्यूटी के समय सियार ने उन्हें काट लिया। इलाज के दौरान 14 जनवरी 2025 को उनकी मृत्यु हो गई।
शासन/होमगार्ड्स मुख्यालय लखनऊ के निर्देशानुसार मृतक चन्द्रबदन चौहान के ड्यूटी भत्ते का भुगतान एक्सिस बैंक खाते से किया जाता था। बैंक की बीमा योजना के तहत ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर मृतक के आश्रितों को 30 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा राशि और दो बच्चों की शिक्षा के लिए 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने का प्रावधान है।
इसी क्रम में आज जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने मृतक की पत्नी लालती को 30 लाख रुपये और उनके दो बच्चों की शिक्षा हेतु 4-4 लाख रुपये के चेक प्रदान किए।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) राहुल विश्वकर्मा, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गम्भीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, मण्डलीय कमाण्डेन्ट होमगार्ड्स रामकृष्ण वर्मा, जिला कमाण्डेन्ट मनोज सिंह बघेल, एक्सिस बैंक के क्लस्टर हेड पतंजलि राम त्रिपाठी, शाखा प्रबन्धक मारकण्डेय दूबे, सैलरी मैनेजर नीरज कुमार मिश्रा और परवेज अहमद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
