आज़मगढ़। दीपावली केवल रोशनी और मिठाइयों का पर्व नहीं, बल्कि अपनापन और समाज सेवा का भी संदेश लेकर आता है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए आज अतरैठ बाज़ार के निकट पऊहारी बाबा के स्थान पर एक विशेष समाज सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छोटे-बड़े सभी ने मिलकर जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने का प्रयास किया।

समाजसेवी विवेक पांडेय ने अपने परिवार के सदस्य आशीष, नीरज, निखिल, सौरभ और परिवार के नन्हे सदस्यों अथर्व मिश्रा, अनंत मिश्रा, आरुष पांडे, आरव मिश्रा, समर्थ मिश्रा, नमः मिश्रा और आरना मिश्रा के साथ मिलकर इस कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर मिठाइयाँ, सुंदरकांड की पुस्तकें और अन्य आवश्यक सामग्री जरूरतमंदों में वितरित की गई।

विवेक पांडेय ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में यह संदेश देना था कि समाज सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। त्योहार की असली खुशी तभी है, जब किसी और के चेहरे पर मुस्कान लाई जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को भी यह सिखाने का प्रयास किया गया कि केवल अपने लिए नहीं, बल्कि समाज के लिए भी कुछ करना चाहिए।
कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने भी भाग लेकर इसे और भी यादगार बनाया। सभी उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना की और समाज सेवा की इस भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
