रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया, आज़मगढ़। सूर्योपासना का महापर्व छठ पूरे श्रद्धा, भक्ति और आस्था के वातावरण में अतरौलिया क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सोमवार की संध्या को अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए नगर के पूरब पोखरा, पश्चिम पोखरा, नंदना, मदियापार, लोहरा, बढया, बूढनपुर, अतरैठ, बांसगांव आदि घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
सौभाग्य और संतान की मंगलकामना के साथ सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक परिधान धारण कर गाजे-बाजे के साथ मंगलगीत गाते हुए घाटों की ओर प्रस्थान किया। सूर्यास्त से पूर्व जल में खड़े होकर महिलाओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि व पुत्र की दीर्घायु की कामना की।
डाला छठ पर महिलाओं ने बीती रात से निर्जल व्रत रखकर सोमवार सायंकाल अस्ताचलगामी तथा मंगलवार प्रातः उदयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा निभाई। इस दौरान घाटों पर मेले जैसा माहौल रहा। पूरब और पश्चिम पोखरे पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए। बांस की सुपोलियों में फल, फूल, गन्ना, दूध, अखंड दीपक, रोली-अक्षत व पूजा सामग्री रखकर भगवान भास्कर की आराधना की गई।
नगर पंचायत ने दोनों पोखरों की साफ-सफाई, विद्युत रोशनी और झालरों से आकर्षक सजावट की थी। डीजे पर बजते छठ मइया के भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। सुरक्षा की दृष्टि से थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस बल व महिला कर्मियों की तैनाती रही।
क्षेत्रीय विधायक संग्राम यादव ने महिलाओं को शुभकामना देते हुए कहा कि छठ पूजा हमारी सनातन परंपरा की अनुपम पहचान है, जो सामाजिक एकता और मातृशक्ति के तप का प्रतीक है। मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुभाष चंद्र जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष रामचंद्र जायसवाल, धर्मेंद्र निषाद राजू, जयकिशन पांडे, टीटू विनायकर, तजमुल हुसैन सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
पूरा नगर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर दिखा, जहां अस्त होते सूर्य के साथ जनमानस की आस्था आलोकित होती रही।
