रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया, आज़मगढ़। देश के प्रथम गृहमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा रन फॉर यूनिटी का आयोजन भव्य स्तर पर किया जाएगा। इसको लेकर मंगलवार को अतरौलिया निरीक्षण भवन में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई और इसे सफल बनाने की अपील की गई।


बैठक में कार्यक्रम संयोजक भाजपा जिला मंत्री नीरज तिवारी ने बताया कि 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की प्रतिमा स्थल रानीपुर, से ‘रन फॉर यूनिटी’ का शुभारंभ किया जाएगा। यह दौड़ लगभग दो किलोमीटर दूरी तय करते हुए बुढ़नपुर चौक तक पहुंचेगी। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रीय ध्वज लेकर एकता और अखंडता का संदेश देंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष (लालगंज) विनोद राजभर ने कहा कि “सरदार वल्लभभाई पटेल ने भारत की एकता और अखंडता के लिए जो योगदान दिया, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का यह अवसर है। सभी कार्यकर्ता पूर्ण ऊर्जा के साथ इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएं।” ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कोयलसा संतोष यादव ने कहा कि पटेल जी का जीवन समर्पण, त्याग और राष्ट्र की एकता का प्रतीक रहा है। आज के युवा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश निर्माण में योगदान दें। जिला उपाध्यक्ष चंद्रजीत तिवारी ने कहा कि रन फॉर यूनिटी केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि यह राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश है। कार्यकर्ता इसे उत्सव की तरह मनाएं।
युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पुष्कर मिश्र ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। सरदार पटेल के आदर्शों पर चलते हुए हम सब मिलकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संकल्प साकार करेंगे।
हर्षित सिंह ने कहा कि “हम सबको इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर एकता का संदेश देना चाहिए। यह हमारे देश की ताकत को दर्शाने का अवसर है।”
कार्यक्रम का संचालन हरीश तिवारी ने किया। इस मौके पर सुनील पांडे, संतराम निषाद, सुभाष निषाद, आनंद तिवारी, श्याम बिहारी चौबे, अमन सिंह,
मण्डल अध्यक्ष कोयलसा रूद्र शर्मा , मण्डल अध्यक्ष मदियापार राजू राजभर , मण्डल अध्यक्ष कौड़िया पति मनीष सिंह , मण्डल अध्यक्ष अहिरौला अर्पित मौर्या, प्रदीप पांडे समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस आयोजन का मूल उद्देश्य लोगों को एकता के सूत्र में बांधते हुए “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की संकल्पना को सशक्त बनाना है।