आज़मगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के जगदीशपुर सोहौली गांव में  एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला के पति एक निजी  हॉस्पिटल के संचालक हैं। पुलिस ने घटना की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान ज्योत्सना राय 34 वर्ष पत्नी विनोद राय निवासी जगदीशपुर सोहौली के रूप में हुई है। विनोद राय स्थानीय राम हॉस्पिटल के संचालक हैं और अपने परिवार के साथ वहीं रहते थे।

बताया जा रहा है कि मंगलवार की देर शाम उनकी पत्नी  ज्योत्सना की हालत अचानक बिगड़ गई। उन्हें वाराणसी स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतका के परिजनों को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलने पर ज्योत्सना के पिता वेद प्रकाश राय परिजनों के साथ पहुंचे। आपसी सहमति के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बरदह थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।बुधवार दोपहर  पोस्टमार्टम के बाद बंधनवा महादेव घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
परिजनों का कहना है कि ज्योत्सना बाथरूम में गिरने से घायल हुईं, जिससे उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी मौत हो गई।वहीं पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।


सीओ लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि शादी को लगभग 12–13 वर्ष हो चुके हैं और दंपति के दो बच्चे एक पुत्र, एक पुत्री  हैं। सटीक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।