आज़मगढ़। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के करउत गांव में विधुत विभाग कक लापरवाही के चलते बड़ा हादसा हो गया। गांव में ट्रांसफार्मर की खराबी से घरों में दौड़े हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में अफरातफरी मच गई, वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।

मिली जानकारी के अनुसार, जहानागंज थाना क्षेत्र के करउत गांव निवासी 67 वर्षीय पतिराम बुधवार की सुबह अपने घर के पास हैंडपंप से टुल्लू पंप के जरिए पानी भर रहे थे। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से वे झुलसकर गिर पड़े। परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि मंगलवार से ही ट्रांसफार्मर में खराबी आने के बाद पूरे गांव में हाईवोल्टेज करंट की समस्या बनी हुई थी। कई घरों में लगे बिजली उपकरण जल गए थे। इसकी शिकायत गोड़सर सबस्टेशन के जेई और क्षेत्रीय लाइनमैन से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई और बिजली आपूर्ति भी बंद नहीं की गई। ग्रामीणों ने विभागीय लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जांच की मांग की है।