आजमगढ़। जिले में संचारी रोग अभियान के दावों की पोल खुलने लगी है। शहर से लेकर गांव तक जगह-जगह गंदगी और जलजमाव डेंगू फैलने का बड़ा कारण बन रहे हैं। डेंगू का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है और संक्रमित मरीजों की संख्या अब 126 के पार पहुंच गई है। बुखार आने के बाद मरीजों में तेजी से प्लेटलेट्स गिरने के मामले बढ़ रहे हैं। स्थिति यह है कि ब्लड बैंक में अब रोजाना 40 से 50 यूनिट प्लेटलेट्स की मांग हो रही है, वहीं गंभीर मरीजों के लिए एसडीपी की भी डिमांड बढ़ गई है।

बारिश और मौसम के अचानक बदलाव के बाद वायरल और डेंगू के मरीजों की संख्या में तेज उछाल देखने को मिल रहा है। गांवों में शाम होते ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों में डेंगू को लेकर भय का माहौल है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया जा रहा संचारी रोग नियंत्रण अभियान जमीनी स्तर पर कारगर साबित नहीं हो पा रहा है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने स्वास्थ्य अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जहां-जहां डेंगू के मरीज मिल रहे हैं, वहां नियमित सफाई और एंटी लार्वा दवा के छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मलेरिया विभाग द्वारा फॉगिंग और छिड़काव अभियान जारी है, लेकिन इसके बावजूद मरीजों की संख्या में कमी नहीं आ रही।

  एसीएमओ व नोडल अधिकारी डॉ. अविनाश झा ने कहां कि जिले में आज 11 नए डेंगू मरीज मिले हैं, जिससे कुल संख्या 126 हो गई है। प्रत्येक घर में साफ-सफाई के लिए कर्मचारियों की टीमें लगाई गई हैं।