आजमगढ़। जनपद के तहसील बूढ़नपुर के सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तायुक्त निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण शासन की प्राथमिकता है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 65 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से मौके पर 15 प्रकरणों का निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त प्रार्थना पत्रों में राजस्व विभाग से संबंधित 30, विकास विभाग के 15 और पुलिस विभाग के 20 मामले शामिल रहे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि संबंधित अधिकारी प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का शीघ्र एवं गुणवत्तायुक्त निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान प्रारंभिक स्तर पर ही कर दिया जाए तो जनता को मुख्यालय तक नहीं जाना पड़ेगा। इसलिए अधिकारीगण प्राथमिकता के आधार पर जनसमस्याओं का वास्तविक निस्तारण करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, उप जिलाधिकारी बूढ़नपुर नंदिनी शाह, तहसीलदार बूढ़नपुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
