आजमगढ़ । जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने आज तहसील बुढ़नपुर ब्लॉक कोयलसा के हुंसेपुर सनूप ग्राम में स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने बताया कि यहां कुल 66 गोवंश संरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि गौशाला में भूसा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा संरक्षित गोवंश के लिए हरे चारे की बुवाई हो चुकी है। यहां पर पानी की पर्याप्त व्यवस्था है। जिलाधिकारी ने उपस्थित मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी को साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे जनपद में 93 गौशालाएं हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि सभी गौशालाओं में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि मुख्यमंत्री की आकांक्षा के अनुसार गोवंशों को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण में रखा जा सके। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को खड़ंजे को उखाड़कर उसका लेवल सही करने और स्लोप इस प्रकार बनाने के निर्देश दिए कि बारिश का पानी रुकने न पाए। साथ ही गौशाला में ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिया कि बीमार पशुओं को अलग रखा जाए और उनका समुचित इलाज कराया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ड्यूटी रजिस्टर एवं संरक्षित पशुओं के रजिस्टर का भी अवलोकन किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला में संरक्षित पशुओं को गुड़ एवं केला खिलाया।

इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।