आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने तहसील सदर के ग्राम हैदराबाद में धान की फसल की उपज का सर्वे कराया। इस दौरान दो प्लाटों पर क्रॉप कटिंग कर धान की उत्पादकता का आकलन किया गया।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की उपस्थिति में ब्लाक पल्हनी के ग्राम हैदराबाद में फसली वर्ष 1433 के अन्तर्गत 43.3 वर्ग मीटर के दो प्लाटों में क्रॉप कटिंग करायी गयी। गाटा संख्या 1101 में 14.845 किलोग्राम तथा गाटा संख्या 573 में 15.875 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई।
जिलाधिकारी ने बताया कि क्रॉप कटिंग के आधार पर पहले व दूसरे प्लाट में क्रमशः लगभग 34.14 क्विंटल एवं 36.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर के अनुसार उपज प्राप्त होगी। उन्होंने उपस्थित किसानों से फसलों के उत्पादन से जुड़ी जानकारी भी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेशभर से प्राप्त क्रॉप कटिंग प्रयोगों के आंकड़ों के आधार पर कृषि निदेशालय फसलों की उत्पादकता का आकलन करता है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत कार्यरत बीमा कम्पनियां किसानों को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति का मूल्यांकन करती हैं।
मौके पर तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, प्रधानमंत्री फसल बीमा कम्पनी के जिला समन्वयक सोहित यादव, सदर तहसील बीमा समन्वयक कुन्दन जायसवाल, ग्राम प्रधान मिथिलेश यादव सहित किसान सोमिन और रामजीत उपस्थित रहे।
