
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के बनकट गांव में मंगलवार को बिजली करंट की चपेट में आने से 42 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार बनकट गांव निवासी शकुंतला (42) पत्नी रमेश निषाद मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर में थीं। बताया जा रहा है कि घर में लगी टिल्लू मोटर का बिजली का तार किसी तरह टूटकर जमीन पर गिर गया था। इसी दौरान शकुंतला तार के संपर्क में आ गईं और करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गईं। वहीं काफी देर बाद किसी काम से ग्रामीण उनके घर पहुंचे तो शकुंतला अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। ग्रामीणों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और आनन-फानन में उन्हें निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि शकुंतला के पति रमेश निषाद लुधियाना में मजदूरी करते हैं। दंपती के दो पुत्र हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना से गांव में भी मातम का माहौल है।
