रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के चक्रपानपुर में बछड़ा ले जाने को लेकर हुए विवाद के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अब नीतीश कुमार पांडेय ने उनके खिलाफ साजिशन मुकदमा दर्ज कराने की आशंका जताते हुए पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कराकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। नीतीश कुमार पांडेय के अनुसार, 22 सितंबर की रात करीब 8:40 बजे रामचंद्र उर्फ भानु कथित तौर पर एक ऑटो रिक्शा में जीवित बछड़ा लेकर चक्रपानपुर से आजमगढ़ की ओर जा रहा था। आरोप है कि पीजीआई चक्रपानपुर के मुख्य गेट के पास उसे रोककर उसका वीडियो बनाया गया। इसके बाद बछड़े को ऑटो से उतारकर छोड़ दिया गया।

नीतीश पांडेय का आरोप है कि इससे पहले उन्होंने चक्रपानपुर ग्राम प्रधान के खिलाफ आईजीआरएस के माध्यम से जांच की मांग की थी। उनके मुताबिक जांच में कई अनियमितताएं सामने आई थीं। उनका दावा है कि इसी रंजिश के चलते अब उन्हें छेड़खानी, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और मारपीट जैसे मामलों में फंसाने की साजिश की जा रही है। आगे उन्होंने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही पीजीआई चक्रपानपुर के मुख्य गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि घटना के समय की सीसीटीवी फुटेज सामने आने से पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है। वहीं इस मामले में लगाए गए आरोपों के बाद नीतीश कुमार पांडेय ने प्रेस वार्ता कर मीडिया को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वह निष्पक्ष जांच चाहते हैं, ताकि वास्तविकता सामने आ सके और किसी निर्दोष व्यक्ति को झूठे मुकदमे में न फंसाया जाए।फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और संबंधित पक्षों के बयानों के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।