रिपोर्ट______SP त्रिपाठी

आजमगढ़। जिले की होनहार बेटियों ने प्रदेशीय विद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर आजमगढ़ का नाम रोशन किया है। बरेली के डोरीलाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में 23 से 26 सितंबर तक आयोजित चार दिवसीय 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल की सौरमी सिंह और सौम्या सिंह ने अपने-अपने आयु वर्ग में सिल्वर मेडल हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों का चयन अब आगामी राष्ट्रीय विद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए भी हो गया है।

सौरमी ने टीम इवेंट में दिलाया रजत पदक

पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, बरेली के तत्वावधान में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न मंडलों से सैकड़ों खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। अंडर-14 बालिका वर्ग के टीम इवेंट में अग्रसेन इंटर कॉलेज, आजमगढ़ की कक्षा 6 की छात्रा सौरमी सिंह ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

सौरमी ने कोर्ट पर बेहतरीन तालमेल, तेज मूवमेंट और शानदार कोर्ट कवरेज का प्रदर्शन करते हुए आजमगढ़ मंडल की टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। फाइनल मुकाबले में टीम को उपविजेता रहने के कारण सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

सौम्या ने व्यक्तिगत मुकाबले में जीता सिल्वर

वहीं, अंडर-17 बालिका वर्ग के व्यक्तिगत मुकाबले में मॉडर्न पंकज इंटर कॉलेज डोडोपुर, निजामाबाद की कक्षा 11 की छात्रा सौम्या सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया। अपने तगड़े स्मैश और सटीक ड्रॉप शॉट्स के दम पर सौम्या ने एक के बाद एक मुकाबले जीतते हुए फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल में कड़े मुकाबले के बाद सौम्या ने रजत पदक अपने नाम किया। उनके प्रदर्शन से आजमगढ़ मंडल के साथ-साथ उनके विद्यालय का भी गौरव बढ़ा है।

अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगी दम

प्रदेशीय प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीतने के साथ ही सौरमी सिंह और सौम्या सिंह का चयन राष्ट्रीय विद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता (National School Games) के लिए हुआ है। खास बात यह है कि राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता भी दिसंबर 2026 में बरेली में ही आयोजित की जाएगी। दोनों खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से आजमगढ़ के खेल जगत में खुशी का माहौल है। अब जिले की ये दोनों बेटियां राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने खेल का प्रदर्शन कर पदक जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेंगी।

सौरमी को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि

सौरमी सिंह और सौम्या सिंह की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा है। आइडियल बुलडोजर के महानिदेशक एसके सत्येन, निदेशक नितिन श्रीवास्तव और वित्तीय सलाहकार ओम श्रीवास्तव ने सौरमी सिंह को 10 हजार रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया।

वहीं इस दौरान आजमगढ़ मंडल के मंडलीय क्रीड़ा सचिव दिनेश सिंह, आजमगढ़ के बैडमिंटन खिलाड़ियों के मार्गदर्शक अजेंद्र राय, राष्ट्रीय रंगमंच के नाम सुनील दत्त विश्वकर्मा, राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी राकेश सिंह, राष्ट्रीय शूटिंग खिलाड़ी स्रोत सिंह, वरिष्ठ बैडमिंटन खिलाड़ी सत्येंद्र उपाध्याय, राष्ट्रधर्म सिंह, पुनीत राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर डॉ. राजेश कुमार आर्य, संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ मंडल, अजय कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक आजमगढ़ तथा डॉ. प्रियंका सोनी, प्रधानाचार्या ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।