आजमगढ़। जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के जोकहरा पुल के पास शुक्रवार को लखनऊ एसटीएफ, आजमगढ़ स्वाट टीम और सिधारी पुलिस की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में ₹50,000 के इनामी बदमाश वाकिफ उर्फ वाकिब ढेर हो गया, जबकि उसके तीन साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना सिधारी क्षेत्र में हुई छिनैती की घटना के सुराग जुटाने में लगी स्वाट टीम और पुलिस को एसटीएफ से सूचना मिली कि कुछ बदमाश रौनापार की ओर भाग रहे हैं। सूचना पर एसटीएफ लखनऊ के एसपी डीके शाही की टीम, और आज़मगढ़ के सिधारी पुलिस ने जोकहरा पुल के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि तीन अन्य भाग निकले। घायल बदमाश को इलाज के लिए सीएचसी हरैया भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृत बदमाश की पहचान वाकिब उर्फ वाकिफ (27 वर्ष), पुत्र कलाम उर्फ सलाम, निवासी थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। वह ₹50,000 का इनामिया और सक्रिय अपराधी गिरोह का सदस्य था। उसके खिलाफ आजमगढ़,जौनपुर, कुशीनगर समेत अन्य जनपदों में चोरी, लूट, धोखाधड़ी, और अवैध गो-तस्करी सहित 44 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से कारतूस, खोखे और अन्य आपराधिक साक्ष्य बरामद किए हैं। फरार बदमाशों की तलाश में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
