आज़मगढ़। जिले की पुलिस को CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर मोबाइल फोन रिकवरी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान डीजी टेलीकॉम सुनीता चंद्रा ने अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन को प्रदान किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया, जिसमें बताया कि आजमगढ़ पुलिस ने समन्वित टीमवर्क, तकनीकी दक्षता, त्वरित कार्रवाई और नागरिक सहभागिता के माध्यम से मोबाइल रिकवरी में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। CEIR पोर्टल पर दर्ज गुम एवं चोरी मोबाइल ट्रैकिंग मामलों का त्वरित निस्तारण कर नागरिकों को समयबद्ध राहत प्रदान की गई।
बता दे कि वर्ष 2024 से अब तक आजमगढ़ पुलिस ने कुल 2445 एंड्रॉइड मोबाइल फोन जिसकी कुल कीमत लगभग ₹6 करोड़ 11 लाख बरामद कर स्वामियों को सुपुर्द किए हैं।
केवल वर्ष 2025 में अब तक 1194 मोबाइल फोन बरामद किए गए। हाल ही में 177 एंड्रॉइड मोबाइल फोन कीमत लगभग ₹44 लाख बरामद कर स्वामियों को लौटाए गए। यह सफलता प्रोएक्टिव टेक्निकल ट्रेसिंग सिस्टम, थाना-स्तरीय CEIR नोडल अधिकारी प्रणाली और नागरिक जागरूकता अभियानों के माध्यम से संभव हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि यह सम्मान आजमगढ़ पुलिस के हर अधिकारी और कर्मी के परिश्रम और तकनीकी दक्षता का परिणाम है, जिन्होंने तकनीक को जनसेवा का सशक्त माध्यम बनाया। हमारा लक्ष्य केवल मोबाइल बरामद करना नहीं, बल्कि नागरिकों का विश्वास अर्जित करना है।
