आज़मगढ़। आगामी शिब्ली डे के उपलक्ष्य में शिब्ली नेशनल कॉलेज में चल रहे शिब्ली पखवाड़ा के पाँचवें दिन इंटर फैकल्टी क्रिकेट ट्रायल आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के पूर्व छात्र एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह मुख्य अतिथि रहे।

कार्यक्रम का संचालन कॉलेज के क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष डॉ. ज़ुबैर अहमद और खेल सचिव डॉ. आसिम खान की देखरेख में हुआ। ट्रायल के दौरान चयनकर्ताओं की भूमिका में शिक्षक कलीम अहमद, प्रो. शफकत अलाउद्दीन, डॉ. सिद्धार्थ सिंह और डॉ. जावेद अहमद मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि जयनाथ सिंह ने फीता काटकर और बल्लेबाजी कर ट्रायल की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि शिब्ली कॉलेज न केवल शिक्षा बल्कि खेल के क्षेत्र में भी अग्रणी रहा है। यहाँ के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी कॉलेज का नाम रोशन कर रहे हैं।

प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। हमारा प्रयास है कि भविष्य में भी खेल और सांस्कृतिक गतिविधियाँ निरंतर होती रहें।

ट्रायल के अंतर्गत चार टीमों का गठन किया गया आर्ट्स फैकल्टी, साइंस फैकल्टी, एजुकेशन फैकल्टी और कॉमर्स फैकल्टी टीम। इस अवसर पर प्रॉक्टर डॉ. एहतेशामुल हक, डॉ. ज़फ़र आलम, डॉ. हयात अहमद, नसीम अहमद सहित अनेक शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।