आज़मगढ़। शासन के निर्देशों के तहत लाउडस्पीकरों पर नियंत्रण को लेकर आजमगढ़ पुलिस ने जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान धार्मिक स्थलों पर अनुमन्य सीमा से अधिक ध्वनि में बज रहे लाउडस्पीकरों को या तो बंद कराया गया या उनकी आवाज़ कम कराई गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० अनिल कुमार के निर्देशन में पूरे जनपद में यह अभियान संचालित किया गया। पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में जाकर धार्मिक स्थलों पर लगे ध्वनि विस्तारक यंत्रों की जांच की। जहां भी ध्वनि सीमा का उल्लंघन पाया गया, वहां संबंधित प्रबंधकों से वार्ता कर लाउडस्पीकर की ध्वनि को अनुमन्य सीमा में कराया गया या जरूरत पड़ने पर लाउडस्पीकर हटवाए गए।

पुलिस ने धार्मिक स्थलों के प्रबंधकों व संबंधित व्यक्तियों को शासनादेशों एवं उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। साथ ही यह भी हिदायत दी गई कि आगे से लाउडस्पीकरों की आवाज तय सीमा से अधिक न हो, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।