रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। मंगलवार को जनपद के विभिन्न पेट्रोल पंप के पास यातायात पुलिस द्वारा एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में ट्रक, बस एवं अन्य भारी वाहनों के चालकों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा उपायों एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
जनपद के समस्त ढाबों, होटलों और पेट्रोल पंपों के बाहर भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने चालकों को समझाया कि वाहन चलाते समय हमेशा अपनी निर्धारित लेन में चलें। दिन के समय सड़क पर अनुशासित रहकर वाहन संचालन करें और दबाव (प्रेसर) हॉर्न का प्रयोग न करें, जिससे अन्य वाहन चालकों एवं आमजन को असुविधा न हो। रात्रि के समय वाहन चलाते हुए डिपर, फुल/हॉफ लाइट का उचित प्रयोग करें ताकि सामने से आने वाले वाहनों की दृश्यता प्रभावित न हो। इसके साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने और पूरी सतर्कता के साथ सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।
यातायात पुलिस कर्मियों ने उपस्थित चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व, दुर्घटना से बचाव के उपाय और नियमों के पालन की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थोड़ी सी सावधानी और जिम्मेदारी न केवल चालक की बल्कि अन्य लोगों की जान की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
