रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया, आज़मगढ़। शिक्षण क्षेत्र अतरौलिया के अंतर्गत स्थित सेल्हरा पट्टी मैदान पर बुधवार को दो दिवसीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विनोद राजभर, जिला अध्यक्ष (लालगंज, आजमगढ़) तथा विशिष्ट अतिथि राजीव पाठक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (आजमगढ़) और पंकज मौर्या, खंड शिक्षा अधिकारी (कोयलसा) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर व कबूतर उड़ाकर किया गया। इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने 50 मीटर व 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता में अतरौलिया विकासखंड के चार मंडलों भगतपुर, लोहरा, अतरौलिया और बढ़या के बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
अतिथियों का स्वागत व सम्मान खंड शिक्षा अधिकारी अतरौलिया जगदीश यादव द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र यादव और राजकुमार ने संयुक्त रूप से किया, जबकि क्रीड़ा प्रभारी राजेश कुमार ने खेलों का सफल संचालन सुनिश्चित किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विनोद राजभर ने कहा कि “बच्चों में खेल भावना और अनुशासन जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की कुंजी है। ऐसे आयोजन न केवल प्रतिभाओं को निखारते हैं बल्कि बच्चों में टीम भावना और आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं।”
वहीं विशिष्ट अतिथि राजीव पाठक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि “बेसिक शिक्षा विभाग का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में काम करना है। प्रत्येक वर्ष इस तरह का आयोजन आज़मगढ़ के सभी ब्लाकों में किया जाता है, इसके बाद जनपद स्तरीय, मंडल स्तरीय,प्रतियोगिता होगी। खेल बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास का अहम माध्यम हैं, इसलिए हर विद्यालय को खेलकूद गतिविधियों को प्रोत्साहित करना चाहिए।”
इस मौके पर राज नारायण पांडे, अवनीश पांडे, मनोज सिंह, विजय यादव, अनिल कुमार, गोविंद लाल, भगवान मणि त्रिपाठी, अरुण कुमार सिंह, संतोष यादव, आलोक पांडे, अजीत पांडे, यशपाल एवं शिव गोविंद दुबे सहित क्षेत्र के अनेक शिक्षक और शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिता के प्रथम दिन विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की वाहवाही लूटी। कार्यक्रम के दूसरे दिन समापन अवसर पर विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।