रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के कुशल निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर और सगड़ी ने क्रमशः थाना रानी की सराय और थाना रौनापार का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थानों की कार्यप्रणाली, अभिलेख, स्वच्छता, अनुशासन और जनसुनवाई पर विशेष ध्यान दिया गया।

गुरुवार को थाना रानी की सराय में क्षेत्राधिकारी नगर  शुभम तोदी तथा थाना रौनापार में क्षेत्राधिकारी सगड़ी श्री अनिल कुमार वर्मा ने थानों का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों थानों के कार्यालय, मालखाना, कम्प्यूटर कक्ष, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, अभिलेखागार, आगन्तुक पंजी, बीट पुस्तिका, अपराध रजिस्टर और जी.डी. का सूक्ष्म अवलोकन किया गया।

क्षेत्राधिकारी ने थानों के सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा आगंतुकों के साथ विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए। थाना परिसर की स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिसकर्मियों को वर्दी में सुसज्जित रहने, समयबद्ध ड्यूटी पालन करने और जनसुनवाई में संवेदनशील रवैया अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।

इसके अलावा, लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण हेतु दिशा-निर्देश दिए गए। सक्रिय अपराधियों पर निगरानी, शांति व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश जारी किए गए।