आज़मगढ़। जिले में वामा सारथी के तहत पुलिस लाइन में आयोजित ब्लड डोनेशन कैम्प और जिले में आयोजित दूसरे स्वैच्छिक रक्तदान शिविर ने पुलिस परिवार और समाज के सेवाभाव को नई दिशा दी। दोनों ही शिविरों में पुलिस अधिकारियों की धर्मपत्नियों, महिला आरक्षियों, पुलिस परिवार और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता देखी गई।
पुलिस लाइन में वामा सारथी के तत्वाधान में आयोजित ब्लड डोनेशन कैम्प का उद्घाटन पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र की धर्मपत्नी मीनाक्षी सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ की धर्मपत्नी दीपशिखा द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण की धर्मपत्नी मोहिता और क्षेत्राधिकारी नगर की धर्मपत्नी अंजली के साथ पुलिस परिवार की कई महिलाएँ मौजूद रहीं।
उद्घाटन के बाद जनपद में प्रशिक्षण प्राप्त कुल छह रिक्रूट महिला आरक्षियों सहित पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर कैम्प की शुरुआत की। इस आयोजन का उद्देश्य पुलिस परिवार के स्वास्थ्य और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।
इसी क्रम मे पुलिस लाइन में आयोजित दूसरे स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में भी पुलिसकर्मियों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। जिसमे 6 महिला रिक्रूट आरक्षी, पुलिस आरक्षी सहित कुल 18 लोगों ने रक्तदान किया। एसएसपी ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होते हैं और समाज में सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।
मीनाक्षी सिंह और दीपशिखा ने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य पुलिस परिवार और आमजन में जागरूकता बढ़ाना है, ताकि जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुँच सके। मोहिता और अंजली ने भी उपस्थित पुलिस परिवारजनों को वामा सारथी के उद्देश्य और सामाजिक महत्व से अवगत कराया।
