आज़मगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला से आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देकर साइबर ठगों ने 15 लाख रुपये ठग लिए। पति ने पत्नी के साथ हुई ऑनलाइन ठगी की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की, जिसके बाद पुलिस मुकदमा दर्ज कर मले की छानबीन में जुटी है।
पीड़ित के अनुसार, उनकी पत्नी पिछले कुछ महीनों से साइबर अपराधियों के जाल में फंस गई थी और उन्होंने 15 लाख रुपये से अधिक की रकम चेक व क्यूआर कोड के माध्यम से ठगों को भेज दी। पैसे जुटाने के लिए महिला ने अपने जेवर गिरवी रखे और रिश्तेदारों से उधार भी लिया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि साइबर अपराधियों ने महिला को आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देकर लगातार पैसे की मांग की। धमकी और भय के चलते पत्नी मानसिक तनाव में आ गई और गलत कदम उठाने की भी कोशिश की। इस दौरान महिला इतनी सहमी हुई कि परिवार के किसी सदस्य को भी इस बात की जानकारी नहीं दी।
महिला के व्यवहार में अचानक बदलाव से उसकी 14 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटा भी परेशान रहने लगे। आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम में थाना क्षेत्र की एक स्थानीय ज्वेलर्स की दुकान का भी संबंध है, जहां महिला ने गहने गिरवी रखे और यहीं से साइबर ठगों को पैसे भेजे जाते रहे।
पति की शिकायत और एसपी के निर्देश पर 9 नवंबर को अहरौला पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आरोपियों में राज राजपूत, अमित कुमार सोनी, सचिन दुबे, सुमित पांडेय, ज्ञानेन्द्र शुक्ला और अजीत सोनी शामिल हैं।
एसओ अहरौला प्रदीप कुमार ने बताया कि मामला साइबर ठगी से संबंधित है। महिला को धमकाकर पैसे ऐंठे गए। पूरे प्रकरण की जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है और जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
