आजमगढ़। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) द्वारा राज्यभर के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देने के उद्देश्य से बिजली बिल राहत योजना 2025 आगामी 1 दिसंबर 2025 से लागू की जा रही है। इस ऐतिहासिक योजना का लाभ विशेष रूप से उन उपभोक्ताओं को मिलेगा, जिनका बिजली बिल वर्षों से लंबित है। योजना का मुख्य उद्देश्य घरेलू एवं वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को पुराने बकाया निस्तारण में आर्थिक सहायता प्रदान करना तथा उन्हें पुनः नियमित बिल भुगतान श्रेणी में शामिल करना है।
इस योजना के तहत पंजीकरण तीन चरणों में किया जाएगा। पहला चरण 1 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक चलेगा, जिसमें उपभोक्ताओं को Principal राशि पर 25% की सर्वाधिक छूट मिलेगी। दूसरा चरण 1 से 31 जनवरी 2026 तक और तीसरा चरण 1 से 28 फरवरी 2026 तक चलेगा। दूसरे चरण में 20% तथा तीसरे चरण में 15% की छूट प्रदान की जाएगी। योजना में LMV-1 (घरेलू) एवं LMV-2 (वाणिज्यिक) श्रेणी के साथ-साथ LUC (Long Unpaid Consumers) और NPC (Never Paid Consumers) उपभोक्ता भी पात्र होंगे।
आज़मगढ़ प्रथम मंडल में LUC एवं NPC उपभोक्ताओं की संख्या लगभग 1.98 लाख है, जिन पर कुल ₹1,056 करोड़ का बकाया दर्ज है। इसमें से ₹474 करोड़ का LPSC (लेट पेमेंट सरचार्ज) उपभोक्ताओं से पूरी तरह माफ किया जाएगा। LUC श्रेणी में 1.15 लाख उपभोक्ता शामिल हैं, जिन पर ₹329 करोड़ बकाया और ₹108 करोड़ LPSC है। वहीं NPC श्रेणी में 0.83 लाख उपभोक्ताओं पर ₹727 करोड़ का बकाया तथा ₹366 करोड़ का LPSC दर्ज है।
योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को LPSC पर 100% राहत दी जाएगी, जबकि मूल धनराशि (Principal) पर चरणवार भारी छूट मिलेगी। बिजली चोरी (Assessment) से जुड़े मामलों में भी उपभोक्ताओं को 50% की छूट दी जाएगी। इसके अतिरिक्त भुगतान के लिए आसान विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें एकमुश्त भुगतान के साथ-साथ ₹750 प्रति माह + चालू बिल अथवा ₹500 प्रति माह + चालू बिल वाली किस्त व्यवस्था शामिल है।
इस योजना का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि वर्षों से बंद पड़े कनेक्शन बिना किसी अतिरिक्त जुर्माने और बिना LPSC के पुनः सक्रिय हो सकेंगे। LUC और NPC उपभोक्ता भी सरल प्रक्रिया के माध्यम से फिर से नियमित उपभोक्ता की श्रेणी में आ पाएंगे। योजना में पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ताओं को बिजली कटौती या कनेक्शन विच्छेदन के जोखिम से भी राहत मिलेगी।
पंजीकरण विद्युत खंड व उपखंड कार्यालयों, कैश काउंटरों, UPPCL कंज्यूमर ऐप, UPPCL वेबसाइट, तथा विद्युत सखी, CSC और फिनटेक एजेंसियों के माध्यम से किया जा सकेगा।
अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल प्रथम, आज़मगढ़ ने मंडल के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित चरणों में पंजीकरण कर इस महत्वपूर्ण राहत योजना का अधिकतम लाभ उठाएँ।
