रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़।जिले के बरदह थाना क्षेत्र के सराय मोहन पुल के पास रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने सवारियों से भरे टेंपो को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक महिला की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब ढाई बजे आज़मगढ़ से जौनपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने सराय मोहन पुल के पास आगे चल रहे सवारियों से भरे टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टेंपो में सवार 5 लोग  घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां जमुवावा निवासी 65 वर्षीय कलावती की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि कलावती अपने मायके ग्राम गिडउर में भतीजे की शादी में शामिल होने जा रही थीं। शादी से पहले घर में होने वाले रामायण पाठ के कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति आवश्यक थी। टेंपो से जाते समय ही सराय मोहन पुल के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में उनकी जान चली गई।

वहीं, टेंपो चालक सूर्यनाथ निवासी सराय मोहन सहित पांच घायलों रामनाथ, फिरका, बालचंद्र और शीला को सदर अस्पताल में उपचार हेतु भेज दिया गया है। प्रभारी थानाध्यक्ष  राजेंद्र कुमार पटेल ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।