आज़मगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आज़मगढ़ में संविधान दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सबसे पहले कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने राजनीति विज्ञान विभाग के प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार की गई संविधान गैलरी का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने कुलपति सभागार में मौजूद अधिकारियों, प्राध्यापकों और छात्रों को संविधान पालन की शपथ दिलाई।

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी के अनुसार कुलपति ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का संविधान विश्व के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने विश्वविद्यालय की स्थापना का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रारंभ में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के नियम अपनाए गए थे, लेकिन अब चार वर्षों में विश्वविद्यालय का अपना स्वरूप और परंपराएं विकसित हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि विविधताओं से भरे इस देश ने 75 वर्षों से एकता के सिद्धांत को मजबूती से निभाया है। बिना किसी देश का नाम लिए उन्होंने कहा कि कुछ पड़ोसी देशों में संविधान की धज्जियां उड़ाई जाती हैं, जबकि भारत में संविधान को जाति-धर्म से ऊपर रखकर अपनाया जाता है।

संविधान दिवस के मौके पर कुलपति का जन्मदिन भी था। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय की आठ छात्राओं सोनम गुप्ता, अदिति सिंह, शताक्षी राय, काजल कनौजिया, प्रीति यादव, सलोनी विश्वकर्मा, उजाला प्रजापति और कविता प्रजापति को नई साइकिल भेंट कर प्रोत्साहित किया तथा आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर अन्य छात्राओं की भी व्यक्तिगत स्तर पर मदद करेंगे।

राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा वाद-विवाद, पोस्टर और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रश्नोत्तरी में दीपक पाल प्रथम, आदित्य मिश्रा द्वितीय, सुषमा पांडे तृतीय रही। पोस्टर प्रतियोगिता में अंजलि प्रथम, सविता द्वितीय तथा वाद-विवाद में श्रेया पांडे और विपक्ष से ऋषभ त्रिपाठी प्रथम स्थान पर रहे। कार्यक्रम में कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, वित्त अधिकारी सहित अनेक प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।