रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले में महिलाओं व किशोरियों से जुड़े मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमे कप्तानगंज क्षेत्र में जहां एक जीजा अपनी नाबालिग साली को लेकर फरार हो गया था, वहीं बिलरियागंज में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

बीते 20 नवम्बर  को वादिनी ने थाना कप्तानगंज में तहरीर दी कि 17 नवम्बर  की रात  राम आशीष राम पुत्र जयप्रकाश राम, निवासी गोनापुर, थाना महराजगंज, आज़मगढ़, उसकी नाबालिग पुत्री  को बहला–फुसलाकर भगा ले गया।आरोपी उसके परिवार का रिश्ते में   दामाद लगता है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया।  विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान व मिले साक्ष्यों के आधार पर धाराएँ बढ़ाते हुए 64D बीएनएस एवं 5J/5L/6 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई।

गुरुवार को उपनिरीक्षक विवेक कुमार मय हमराह कांस्टेबल  राकेश कुमार व अवधेश कुमार ने मुखबिर सूचना के आधार पर वांछित अभियुक्त राम आशीष को गोपालापुर पुलिया के पास से  गिरफ्तार कर लिया।

वही थाना बिलरियागंज क्षेत्र की एक महिला ने प्रार्थना–पत्र देकर बताया कि वह वर्तमान में जामियातुल फलाह स्कूल के पीछे, बिलरियागंज में रहती है। अभियुक्त मोहम्मद हासिम पुत्र जुबेर अहमद, निवासी अमिलो, थाना मुबारकपुर, ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक सम्बन्ध बनाए और बाद में विवाह से इनकार कर दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई। 

गुरुवार  को उ0नि0 सुधीर पाण्डेय मय हमराह संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर खास से सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित अभियुक्त मोहम्मद हासिम श्रीनगर–सियरहा सर्विस लेन पुलिया के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे  गिरफ्तार कर लिया।