रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा रेलवे स्टेशन के पास सूरत जा रही ताप्ती गंगा एक्सप्रेस से शुक्रवार दोपहर वीडियो बनाते समय एक युवक के गिरकर मौत हो जाने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद साथ में जा रहे युवक और परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2:45 बजे ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में हुई, जब 25 वर्षीय गोरख कुमार, पुत्र मोहित कुमार, निवासी ग्राम रकबा जलालपुर, पोस्ट कोढ़वा जलालपुर, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़, अपने पांच साथियों के साथ सूरत जाने के लिए ट्रेन में सवार था।
बताया जा रहा है कि गोरख कुमार सूरत में पहले भी प्राइवेट नौकरी करता था और इस बार साथियों के साथ रोजी-रोटी की तलाश में फिर सूरत जा रहा था। जैसे ही ट्रेन फरिहा रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, गोरख वीडियो बनाने के दौरान असंतुलित होकर ट्रेन से नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही उसके साथी घबरा गए और तुरंत ट्रेन से उतरकर वापस घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि रोजी-रोटी कमाने के सफर में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
परिजनों के अनुसार, गोरख तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग रोते-बिलखते मौके की ओर रवाना हो गए।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने शव को कब्जे में लेकर रेलवे ट्रैक खाली करवाया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
