रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। गोरखपुर रेलवे पुलिस के ऑपरेशन मुस्कान के तहत आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पर दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद किया गया।
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाना आजमगढ़ द्वारा चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन मुस्कान के तहत प्लेटफार्म नंबर 02 पर दो बच्चियां परेशान हालत में मिली। महिला आरक्षी श्वेता भारती व टीम ने विनम्रतापूर्वक उनसे पूछताछ की।
लड़कियों ने अपना नाम क्रमशः पूजा गौतम (16 वर्ष) और नेहा गिरी (15 वर्ष) बताया और बताया कि घर से नाराज होकर रेलवे स्टेशन आ गई हैं। चेकिंग टीम ने तुरंत उनके परिजनों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया।
परिजन मौके पर आए और बच्चों की पहचान करने के बाद उन्हें सुरक्षित उनके अभिभावकों को सुपुर्द किया गया। इस मानवीय और संवेदनशील कार्य के लिए परिजनों ने जीआरपी थाना आजमगढ़ की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
