रिपोर्ट: एसपी त्रिपाठी

आजमगढ़। मंगलवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सठियांव स्थित मंत्री चंद्रदेव राम यादव के आवास पर पहुंचकर मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र ने हमेशा समाजवादियों को मौका दिया, लेकिन मौजूदा सरकार में विकास कार्य ठप पड़ गए हैं। उन्होंने चीनी मिल, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, उद्योग, किसानों के भुगतान, भ्रष्टाचार और एसआईआर सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को सपा विधायक सुधाकर सिंह के घर से लौटते समय सठियांव में स्थित मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली के आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय मुद्दों से लेकर प्रदेश के विकास मॉडल तक कई सवालों पर सरकार की नीतियों को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र हमेशा समाजवादियों को मौका देता रहा है, लेकिन मौजूदा सरकार में विकास कार्य ठप पड़ गए हैं और जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान सठियांव चीनी मिल रिकार्ड समय में बनाई गई थी, जो प्रदेश की सबसे आधुनिक मिलों में एक थी। अगर उसका विस्तार होता तो एथेनॉल, बिजली, फर्टिलाइजर और बायो फर्टिलाइजर के उत्पादन से हजारों लोगों को रोजगार मिलता और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होती। लेकिन सरकार की उदासीनता के कारण सभी परियोजनाएं ठप हो गईं, जिससे हजारों किसानों और स्थानीय युवाओं का नुकसान हुआ।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने, बुनकरों को सुविधाएं देने, उद्योग लगाने और सस्ती बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया था। लेकिन वर्तमान सरकार ने इसकी गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है और ठेकेदारों के माध्यम से घटिया काम करवा रही है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कन्नौज रेलवे स्टेशन पर पुरानी और कमजोर बल्ली लगाई गई, जिसके ढहने पर भी किसी की जिम्मेदारी तय नहीं हुई।

अखिलेश यादव ने कहा कि भविष्य में समाजवादी सरकार बनने पर आजमगढ़ रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड-क्लास सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों का बकाया भुगतान, स्थानीय युवाओं के रोजगार और उद्योगों के विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार नोटबंदी, जीएसटी और कोविड के दौरान जनता को परेशान करती रही है। अब एसआईआर के नाम पर लोगों को उलझाया जा रहा है। आधार को पहचान के तौर पर स्वीकार न करना सरकार की संदिग्ध मंशा को दिखाता है।

सरकार द्ववारा मोबाइल में संचार साथी ऐप डाले जाने पर तंज कसते हुए कहा कि नार्थ कोरिया के शासक के तहत सरकार मोबाइल निगरानी लागू करने जा रही है। इससे प्राइवेसी भंग होगी।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए अधिकारों पर हमला हो रहा है। दवाओं और कफ सिरप से जुड़े बड़े भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया पर काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बड़े घोटाले सामने आ रहे हैं, लेकिन दोषियों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।

अंत में अखिलेश यादव ने मुबारकपुर में हुई सड़क हादसे का जिक्र किया, जिसमें बस की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि परिवार की पुलिस ने अनदेखी की, जिसके बाद उन्होंने खुद हस्तक्षेप कर डीएम से आर्थिक सहायता मांगी। डीएम ने सकारात्मक आश्वासन दिया, जबकि सपा की ओर से मृतक के परिवार को एक लाख रुपये की नकद सहायता प्रदान की गई।