आज़मगढ़। जिले के थाना-महाराजगंज क्षेत्र के हरखपुराखास (वेलडाड़) निवासी कुंवर सत्येंद्र सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जय प्रकाश सिंह, उनकी पत्नी इंदू सिंह और बेटी रागिनी सिंह ने सोची-समझी साजिश के तहत उन्हें हनीट्रैप में फँसाकर धन-संपत्ति हड़पने की योजना बनाई। आरोप है कि रागिनी के माध्यम से उन्हें परिवार से भड़काया गया और भाइयों के विरुद्ध बंटवारे का मुकदमा कराया गया। इसके बाद शिक्षा विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 2011 में लाखों रुपये ले लिए गए।

आरोप है कि शादी न करने पर बलात्कार के झूठे केस में फँसाने की धमकी दी गई और दबाव में मंदिर में गुप्त विवाह करा दिया गया। सत्येंद्र के अनुसार विवाह के बाद भी ससुराल पक्ष लगातार उनकी संपत्ति अपने नाम करने का दबाव बनाता रहा। 2015 में बंदूक दिखाकर जबरन स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर कराने तथा 2018 में जहर देकर मारने की कोशिश का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।

तलाक का वाद दायर करने के बाद 2022 में रागिनी द्वारा फोन पर जान से मारने की धमकी देने और जहर देने की बात स्वीकार करने का दावा भी सत्येंद्र ने किया है। आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की और 30.06.2024 को रागिनी और उसके परिवार की साजिश पर खुशबू नाम की युवती से झूठी बलात्कार FIR दर्ज कराई गई। गिरफ्तारी के बाद थाने में भी संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव डालकर धमकी दी गई।

जेल में रहते हुए 21.09.2024 को दहेज व मारपीट का एक और मुकदमा दर्ज कराया गया तथा खुशबू ने जेल में आकर बयान बदलने के बदले संपत्ति की मांग की। जेल से छूटने के बाद सत्येंद्र ने न्यायालय में गुहार लगाई, जहां से आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश दिया गया। इस बीच उनके खिलाफ अवैध असलहा बनाने की झूठी FIR भी दर्ज कराई गई, लेकिन पुलिस जांच में केवल घर निर्माण का सामान मिला।

वहीं इस पूरे मामले पर एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि जीयनपुर थाने पर माननीय न्यायालय के आदेश पर कुंवर सतेंद्र सिंह की तहरीर पर जयप्रकाश, इंदु, रागिनी, पिंकी और रविन्द्र के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि कूटरचित दस्तावेज बनाकर जमीन हड़पने और मांगने पर फर्जी मुकदमों में फँसाने व जान से मारने की धमकी देने की बात सामने आई है। मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है