रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आज़मगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने शुक्रवार को थाना कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। एसएसपी ने थाना कार्यालय, परिसर, स्टाफ, मेस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का आकलन किया।

निरीक्षण में एसएसपी ने अभिलेख अद्यतन करने, हिस्ट्रीशीटरों पर निगरानी रखने और अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के आदेश दिए। थाना परिसर की सफाई संतोषजनक पाई गई। थानाध्यक्ष को अधीनस्थों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने और मेस में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने अपराध सूचनाओं के आदान-प्रदान, यातायात नियमों का पालन, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और कम्यूनिटी पुलिसिंग को मजबूत करने पर जोर दिया। थाना परिसर में खड़े वाहनों के निस्तारण और अवैध शराब/मादक पदार्थों की बिक्री न रोकने की स्पष्ट हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान फरियादियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान करने का आदेश दिया गया। गली-मोहल्लों और सड़कों पर अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित विभाग को दिशा-निर्देश दिए गए। चौकीदारों और शहर के गणमान्यों के साथ गोष्ठी कर अपराध, ट्रैफिक और अन्य शिकायतों के निस्तारण का निर्देश दिया गया।