आजमगढ़। जिले के तहसील सगड़ी के आदर्श नगर पंचायत जीयनपुर स्थित गौ आश्रय स्थल का जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने आकस्मिक निरीक्षण किया, जहाँ पशुओं की सुरक्षा, क्षमता वृद्धि और सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने आज तहसील सगड़ी के अंतर्गत आदर्श नगर पंचायत जीयनपुर स्थित गौ आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी और पशु चिकित्सा अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि आश्रय स्थल की जमीन पर्याप्त है, इसलिए इसकी क्षमता बढ़ाई जाए और कम से कम 50 अतिरिक्त गोवंश के संरक्षण की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने ठंड को देखते हुए पशुओं के लिए अतिरिक्त टिन शेड लगाने और उन्हें तिरपाल से कवर करने के निर्देश भी दिए। साथ ही आश्रय स्थल पर अलाव जलाने की व्यवस्था करने और अलाव के समय किसी कर्मचारी या केयर टेकर की उपस्थिति अनिवार्य रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने भूसा भंडारण कक्ष का भी निरीक्षण किया, जहाँ भूसे की पर्याप्त उपलब्धता पाई गई। निरीक्षण के दौरान परिसर में रखे निष्प्रयोज्य सामान को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में यहां 14 गोवंश संरक्षित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने क्षमता बढ़ाते हुए कम से कम 50 गोवंश के संरक्षण की व्यवस्था करने के आदेश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि आश्रय स्थल में भूसा, हरा चारा और पानी की पर्याप्त व्यवस्था हर समय उपलब्ध रहनी चाहिए तथा हरे चारे की बुवाई समय से सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
