आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने अशांति फैलाने, महिलाओं से अभद्रता करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया। आरोपी पोस्टर और लाठी–डंडा लेकर सड़कों पर खड़ा होकर राहगीरों एवं पुलिस से झगड़ा कर रहा था।

कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को उपनिरीक्षक यश सिंह पटेल मय टीम कचहरी मुख्य मार्ग गेट संख्या 01 व 05 पर शांति व्यवस्था ड्यूटी के दौरान एक व्यक्ति को पोस्टर और लाठी–डंडा लेकर यातायात बाधित करते पाया। आरोपी वकीलों व राहगीरों से गाली-गलौज कर रहा था और महिलाओं पर अश्लील फब्तियाँ कसते हुए गलत इशारे कर रहा था। विरोध करने पर उसने राहगीरों और पुलिस को जान से मारने की धमकी दी और धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर  अभियुक्त राजीव तलवार पुत्र प्रद्युम्न नारायण सिंह, निवासी राहुल नगर मडैया, को हिरासत में लेकर थाना कोतवाली पर अभियोग पंजीकृत किया।

इससे पहले पुलिस ने आरोपी को 26 अक्टूबर को भी पुलिस पर हमला करने के आरोप में जेल भेजा था।

गौरतलब है कि वर्ष 2015 में राजीव तलवार को अपने ही स्कूल के बच्चों को अभद्र भाषा सिखाने के आरोप में जेल भेज दिया गया था। जेल से रिहा होने के बाद उन्होंने स्कूल का प्रबंधन अपनी पत्नी को सौंपा और ‘उल्लू टीवी’ नामक यूट्यूब चैनल शुरू किया। इसके बाद राजीव तलवार अपनी अनोखी शैली की अभद्र भाषा वाली पत्रकारिता के लिए मशहूर हो गए। वे भ्रष्ट राजनेताओं, नौकरशाहों और विभिन्न सामाजिक बुराइयों पर निशाना साधते हुए हाथों में पोस्टर लेकर शहर के हर चौराहे पर दिखाई देते रहते हैं।