आजमगढ़। कलेक्ट्रेट चौराहा स्थित नगर पालिका के रैन बसेरा का जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने आकस्मिक निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने साफ-सफाई, गर्म कपड़े, अलाव और सुविधाओं की गुणवत्ता बेहतर रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार शुक्रवार को कलेक्ट्रेट चौराहा स्थित रैन बसेरा पहुंचे और वहां उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पालिका आजमगढ़ को निर्देश दिया कि रैन बसेरे में रखी जाने वाली बेडशीटें साफ एवं सूती कपड़े की हों। साथ ही तकिया, कंबल और गद्दे की गुणवत्ता उत्तम रखी जाए ताकि ठंड से बचाव में किसी भी जरूरतमंद को असुविधा न हो।
डीएम ने रैन बसेरे में गर्म पानी और अलाव की सुविधा भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान खुली नालियों को तुरंत ढकवाने तथा पानी की सीलिंग की मरम्मत और पेंट कराने को कहा। उन्होंने रैन बसेरा प्रवेश द्वार की सफाई पर भी विशेष जोर दिया। इसके अलावा डीएम ने निर्देश दिया कि रैन बसेरे में उपलब्ध कंबलों को मोटा या डबल किया जाए ताकि कड़ाके की ठंड में लोगों को अधिक राहत मिल सके।
