आजमगढ़। जिले के आज़मगढ़ नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर एक नरौली मोहल्ला में प्रशासनिक लापरवाही की गंभीर तस्वीर सामने आई है। मिशन रोड स्थित रुपाली अपार्टमेंट के पास वर्षों से अधूरा पड़ा गड्ढा और टूटा नाला स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत और बीमारी का कारण बनता जा रहा है।


मिली जानकारी के अनुसार, नरौली मोहल्ले में मिशन रोड पर करीब छह वर्ष पूर्व एक बड़ा गड्ढा खुदवाया गया था, जिसे आज तक नहीं भरा गया। यही नहीं, पास में करीब 10 मीटर लंबा नाला भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। नाले की निकासी के नाम पर महज चार इंच की प्लास्टिक पाइप डाल दी गई है, जिससे गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही। नतीजतन नाले का पूरा दूषित पानी सड़क किनारे बने उसी गड्ढे में भर रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में यह गड्ढा बारिश के गंदे पानी से लबालब रहता था, लेकिन अब बरसात खत्म होने के बाद भी नाले का कचरा युक्त पानी यहीं जमा हो रहा है। इससे इलाके में असहनीय बदबू फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि डेंगू, मलेरिया समेत कई संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।

मोहल्ले के आनंद यादव, शशिकांत यादव, सर्वेश यादव, रामशकल, संदीप, मनीषा व फूलमती सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका अधिकारियों और प्रशासन से कई बार शिकायत की जा चुकी है। हर बार जल्द समाधान का भरोसा दिया जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि लापरवाही के चलते बच्चों और बुजुर्गों की सेहत सबसे ज्यादा खतरे में है, कुछ बच्चे बीमार भी पड़ चुके हैं।

स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गड्ढा भरकर नाले की सही ढंग से मरम्मत नहीं की गई, तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे।

सीआरओ संजीव ओझा ने बताया कि नाली टूटने से गड्डे में पानी जमा हो रहा है। इसकी जानकारी मिली है। इसे ठीक कराने के लिए ईओ को निर्देश दिया गया है। जल्द ही ठीक कराया जाएगा।